Shimla,Sanju (TSN)-मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार समाज के वंचित वर्गों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें राहत,सहायता व अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की आजीविका अन्यायपूर्ण तरीके से समाप्त नहीं होनी चाहिए।
हमीरपुर स्ट्रीट वेंडर्स यूनियन ने जताया आभार
मुख्यमंत्री अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ में हमीरपुर स्ट्रीट वेंडर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर रहे थे। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मनमाने ढंग से तोड़े गए खोखे,मुख्यमंत्री ने दिलाया न्याय
यूनियन के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके खोखे पहले मनमाने तरीके से हटा दिए गए थे,जिससे उनकी आजीविका पर संकट आ गया था।उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उनकी बात नहीं सुनी गई, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू के सत्ता में आने के बाद स्थिति बदली और उन्हें पुनः आजीविका के साधन उपलब्ध करवाए गए।
मुख्यमंत्री के प्रयासों से पहुंच रहा है कल्याणकारी योजनाओं का लाभ: सुनील शर्मा
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के कारण वंचित वर्गों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। जन समस्याओं का समाधान अब संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है।
