Shimla,Sanju(TSN)-ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर भाजपा पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाल रही है।इसी क्रम में शिमला में भी भाजपा ने बुधवार को तिरंगा यात्रा आयोजित की। इस पर सियासत तेज़ हो गई है।हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा पर ऑपरेशन सिंदूर को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है और इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
भाजपा पर तिरंगा यात्रा को लेकर कांग्रेस का हमला
हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पाकिस्तान को भारतीय सेना ने जिस शौर्य के साथ जवाब दिया,उस पर पूरे देश को गर्व है।उन्होंने कहा कि अब हालात सामान्य हो रहे हैं लेकिन भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है।चौहान ने कहा कि इस संघर्ष का नतीजा समय बताएगा,लेकिन इसका राजनीतिक लाभ उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सीज़फायर पर प्रधानमंत्री को देना चाहिए था बयान: चौहान
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कांग्रेस ने पहले ही की थी और केंद्र सरकार को इस पर विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सीज़फायर की जानकारी देते।उन्होंने यह भी कहा कि भारत का स्पष्ट रुख रहा है कि पीओके भारत और पाकिस्तान के बीच का मुद्दा है और इसमें किसी तीसरे देश का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा, लेकिन इस सिद्धांत का उल्लंघन हुआ है।
हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन पर जल्द फैसला
हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन के लिए कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री,सभी कैबिनेट मंत्री और पीसीसी अध्यक्षों को 8 तारीख को दिल्ली बैठक के लिए बुलाया था,लेकिन भारत-पाक सीमा पर तनाव के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस संगठन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
