शिमला, संजु चौधरी ( TSN)– टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आज शिमला के HHH में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वास्थ्य विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा ‘नि- क्षय शिविर अभियान’ का शुभारंभ किया गया.जिसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस अभियान का उद्देश्य टीबी के मामलों की समय पर पहचान, प्रभावी उपचार और समुदायों में जागरूकता सुनिश्चित करना है।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ‘नि-क्षय अभियान’ का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 दिनों तक चलने वाला यह अभियान हिमाचल प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में कारगर साबित होगा।यह अभियान राज्य के सभी जिलों में चलाया जाएगा, जिसके तहत कमज़ोर वर्गों पर विशेष ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपने क्षेत्रों में नि-क्षय शिविर अभियान में सक्रियता से भाग लेने और लोगों को टीबी के लक्षणों को पहचानने और समय पर जांच करवाने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश निकट भविष्य में टीबी मुक्त राज्य बनकर उभरेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रारम्भिक आयु से ही बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूली पाठयक्रम में स्वास्थ्य शिक्षा को शामिल करने पर विचार कर रही है।प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता प्रदान करते हुए इस क्षेत्र में सुधार की दिशा में अनेक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि एक साल के भीतर राज्य के लोगों के लिए उन्नत निदान और उपचार सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।इस अभियान के लिए समर्पित एक मोबाइल वैन को भी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
