पलवल-:राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्टंटबाजी और हुड़दंग कर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना युवकों को भारी पड़ गया। पलवल जिला पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 35 हजार रुपये का चालान किया है। साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो और बलेनो कार को जब्त कर लिया गया है।
मामला राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बघोला फ्लाईओवर के पास का है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक कारों में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंके और सड़क पर हुड़दंगबाजी की। इस दौरान यातायात नियमों का भी उल्लंघन किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आया।जानकारी के अनुसार, युवक पलवल क्षेत्र के एक कॉलेज में पढ़ाई करते हैं और कॉलेज चुनाव में जीत का जश्न मनाते हुए इस तरह की गतिविधि कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर थाना गदपुरी प्रभारी उप-निरीक्षक कुलदीप सिंह की टीम ने वीडियो के आधार पर वाहनों की पहचान की। जांच के बाद दोनों वाहनों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 35 हजार रुपये का चालान किया गया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।पुलिस कार्रवाई के बाद युवकों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की बात कही। उन्होंने अन्य युवाओं से भी सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट, हुड़दंगबाजी और सोशल मीडिया के लिए खतरनाक तरीके से रील बनाने से बचने की अपील की।पुलिस ने युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया, जबकि स्टंटबाजी में इस्तेमाल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही से हादसे का खतरा बढ़ जाता है और स्टंट करने वालों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
