कुरुक्षेत्र(TSN): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के थीम पार्क थानेसर में रावण के पुतले को इस बार रिमोट कंट्रोल के जरिये जलाया जाएगा। इसके लिए दशहरा कमेटी की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। दशहरा उत्सव में 65 फुट के रावण का पुतला जहां आकर्षण का केंद्र रहेगा तो वहीं 55 फुट का कुंभकरण और 45 फुट के मेघनाथ का पुतला भी दर्शकों को देखने के लिए मिलेगा।
वहीं दशहरा उत्सव में जलाने के लिए तैयार की जा रही सोने की लंका भी लोगों को खूब आकर्षित करेगी, जिसे भगवान राम की ओर से जलाया जाएगा। दशहरा उत्सव के आयोजन के लिए दो मंच बनाए गए हैं। उत्सव के दौरान जहां मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की कई झांकियां निकाली जाएंगी तो वहीं राधा-कृष्ण का नृत्य भी चर्चा का विषय रहेगा। इसके अलावा आसमान में होने वाली भव्य आतिशबाजी का आनंद भी दर्शक उठा सकेंगे।
दशहरा उत्सव के लिए रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों को उत्तर प्रदेश की कारीगरों की ओर से तैयार किया गया हैं। जो कि दिन रात मेहनत कर इन पुतलों को अंतिम रूप मंगलवार को दिया हैं।
