पलवल(TSN): होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव मर्रोली में बुधवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक राजेश नागर एवं हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन जगदीश नायर ने ग्रामीणों के साथ संवाद किया और उनकी जनसमस्याओं को सुनकर उनका निदान करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया,एसडीएम रणवीर सिंह भी मौजूद रहे।
विधायक राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दिशा निर्देशानुसार होडल विधानसभा क्षेत्र के गांवों जिसमें मर्रोली, डकौरा, सराय, गुदराना, मितरौल और तमुसरा में जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया हैं। जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के बीच में जाकर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनका निपटारा करना हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की ओर से बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत करना है कि किस प्रकार से सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की ओर से गरीबों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई है ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले और उनके जीवन में बदलाव आए। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जो मांग ग्रामीणों की ओर से रखी गई है उक्त मांगों को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उन्हें पूरा किया जाएगा। विधायक राजेश नागर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले पलवल जिला में विकास नहीं था, लेकिन केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पलवल जिले में विकास को गति प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि पलवल जिले में केएमपी व केजीपी एक्सप्रेस वे का निर्माण किया गया। दिल्ली मुंबई वडोदरा एक्सप्रेस वे का निर्माण किया गया हैं। केएमपी व केजीपी एक्सप्रेस वे साथ साथ नई रेलवे लाइन को मंजूरी प्रदान की गई हैं। पलवल जिले में एलिवेटेड पुल का निर्माण किया गया हैं। इसके साथ साथ जेवर एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी के लिए सिंगल फ्री एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जा रहा हैं उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वर्ष 2024 में होने वाले चुनावों में केंद्र और प्रदेश पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी।
वहीं हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन जगदीश नायर ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के बीच में जाकर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से निश्चित तौर पर लोगों को फायदा हो रहा हैं।
