मोहाली, 17 फरवरी: मोहाली स्थित ज्ञान ज्योति स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियातन सभी विद्यार्थियों को तुरंत घर भेज दिया और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर रवाना हो गईं। स्कूल परिसर को खाली कराकर जांच शुरू कर दी गई है। अभिभावक घबराहट में बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे और उन्हें सुरक्षित घर ले गए। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है और साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है।गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी शहर के 16 स्कूलों को इसी तरह की बम धमकी मिली थी, जिसके बाद सभी स्कूलों को खाली कराया गया था। हालांकि उस समय जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।आज केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की गणित विषय की परीक्षा भी निर्धारित है। जिन स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहां सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षा संपन्न कराए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन के सामने सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए परीक्षा संचालन कराना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
