कुरुक्षेत्र (एकता): अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव को लेकर हरियाणा वासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बता दें कि गीता महोत्सव में अध्यात्म दिखाई देगा। जिसके लिए धर्मनगरी कुरुक्षेत्र सज गई है। सूत्रों के मुताबिक पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर विभिन्न राज्यों से शिल्पकार व कलाकार पहुंचने शुरू हो गए हैं। वहीं दूसरी तरफ दुकानें भी सज गई हैं। सैलानियों की गीता महोत्सव को लेकर आना-जाना शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक महोत्सव का आगाज सबसे पहले शिल्प व सरस मेले से होगा, जिसके लिए करीब 600 स्टॉल विभिन्न राज्यों के शिल्पकारों को दी गई है।

हरियाणा के विभिन्न जिलों के साथ-साथ राजस्थान, पंजाब, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के शिल्पकार अपना सामान लेकर बुधवार सुबह ही पहुंचने शुरू हो गए। संभावना जताई जा रही है कि देर रात तक अधिकतर शिल्पकार यहां पहुंच जाएंगे और गुरुवार को महोत्सव शुरू होगा। पुलिस ने भी अपनी सख्ती बढ़ा दी है। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 7 से 24 दिसंबर तक चलेगा, जिसके मुख्य कार्यक्रम 17 से दिसंबर से शुरू होंगे। पर्यटकों को हर तरह की खाने-पीने की सुविधाएं भी मिलेंगी। 25 से ज्यादा खान-पान के स्टाल लगाए जाएंगे।

कई शिल्पकारों को सूची से गायब मिला नाम
जानकारी के मुताबिक मेला शुरू होने से एक दिन पहले पहुंचे शिल्पकारों में से कई लोगों का नाम गायब रहा। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी से आए सहनवाज ने बताया कि प्रशासन की ओर से उनका नाम भेजा गया था, जिसका उनके पास संदेश भी है। वे पहले भी यहां सरस मेले में दुकान लगाते रहे हैं। अब सामान कहां रखें, यह समझ नहीं आ रहा है।

