Mandi–टूरिस्ट सीजन में हिमाचल घूमने आ रहे पर्यटकों के लिए बड़ी खबर है। यदि आप चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग या हुड़दंग जैसी गतिविधियों में शामिल हैं, तो संभल जाएं। हिमाचल पुलिस के आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरे 24 घंटे आपकी हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।
हाईवे पर ITMS कैमरे कर रहे हर गतिविधि पर नजर
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने जानकारी दी कि मंडी पुलिस के पास हाईवे से गुजरने वाले हर वाहन का रिकॉर्ड मौजूद है। कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों की पहचान कर तुरंत चालान किया जा रहा है। हाल ही में मंडी जिले के पंडोह में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें पर्यटक चलती कार की सनरूफ और खिड़की से बाहर निकलकर शराब पीते और धूम्रपान करते नजर आए। मंडी पुलिस ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक पर ₹2500 का चालान किया।
एसपी वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे कई वीडियो पुलिस के पास पहुंचे हैं, जिनकी पुष्टि के बाद चालान किए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद शांतिपूर्वक लें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित और सुखद हो।
