फतेहाबाद : चन्द्रिका ( TSN)- फतेहाबाद के जाखल शहर में हो रहीं चोरी की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा हैं। शुक्रवार रात्रि को चोरों द्वारा दो दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सामान व नकदी पर हाथ साफ किया गया तो मजबूरन शहर वासियों द्वारा आज मार्केट बंद करने का निर्णय लिया गया।
बता दे की बीते दिनों शहर में चोरी की कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में चोरों का कोई सुराग नहीं लगा हैं। शहर वासियों द्वारा आज बाजार बंद रख कर शासन प्रशासन के प्रति रोष जाहिर किया गया। शहरवासियों ने बताया कि शहर में आए दिन हो रहीं चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा कर रख दी है। चोरी की घटना को अंजाम देकर अपराधी बड़े आराम से सुरक्षित भाग निकल रहे हैं। इस क्रम में उनका अभी तक कभी भी पुलिस से आमना-सामना नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस घटनास्थल पर जरूर पहुंचती है और कार्यवाही की इतिक्षी करती है, लेकिन धरातल पर न तो अपराधी पुलिस की पकड़ में आ रहें हैं और न ही चोरी की घटनाओं पर रोक लग पा रहा है। चोरी की लगातार हो रहीं वारदातों से शहर के लोग भयभीत हैं। शहर के लोग इन दिनों पूरी तरह से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अपराधी लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहें हैं। जबकि पुलिस चोरों तक पहुंचने में विफल रहीं हैं। चोरी के आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसी के चलते अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। इसका परिणाम सामने है कि निडर होकर चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहें है।
