मंडी : धर्मवीर ( TSN)- मंडी और कुल्लू जिलों की सीमाओं पर कीतरपुर-मनाली फोरलेन पर सटे झीड़ी गांव में एनएचएआई फ्लाईओवर बनाने जा रहा है। इसके लिए एनएचएआई ने प्रपोजल बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। प्रपोजल बनाकर इसे मंत्रालय के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और मंजूरी मिलते ही इस कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि झीड़ी गांव के लोगों के लिए यहां पर बना फोरलेन परेशानी का सबब बनकर रह गया है। ग्रामीण सूरत सिंह ठाकुर, राकेश कुमार और नेक राम ने बताया कि झीड़ी में जहां पर पुराना हाईवे और फोरलेन आपस में जुड़ते हैं वहां पर पहले एक चौक बनाया गया था जिसे बाद में बंद कर दिया गया। अब ग्रामीणों को सड़क पार करने के लिए एक से डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। तेज रफ्तार हाईवे पर एक स्थान पर अचानक ही यू-टर्न बना दिया गया है जिसपर आए दिन कई हा*दसे हो रहे हैं। झीड़ी गांव का एक बड़ा भाग फोरलेन के एक तरफ है तो छोटा भाग दूसरी तरफ। दूसरी तरफ ही सब्जी मंडी भी है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सब्जी मंडी तक जाने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। हाईवे पर यात्रा करने वाले यात्री गौरव कुमार ने बताया कि झीड़ी के पास हरबंश लाल एंड संज का फिलिंग स्टेशन है जहां पर सीएनजी भी मिलती है। यदि इस फिलिंग स्टेशन तक जाना हो तो फिर एक किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है और फिर से एक किमी का चक्कर काटकर फोरलेन पर आना पड़ता है। इन्होंने मांग उठाई है कि झीड़ी में या तो फ्लाईओवर बनाया जाए या फिर पहले की तरह बड़ा गोल चक्कर बनाया जाए ताकि आसानी से सड़क को पार किया जा सके। ग्रामीण अपनी इस मांग को केंद्रीय मंत्री नीतिन गड़करी के समक्ष भी रख चुके हैं।
बनाई जा रही है फ्लाईओवर की प्रपोजल
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। झीड़ी में फ्लाईओवर बनाने की प्रपोजल बनाई जा रही है। फ्लाईओवर की मंजूरी मिलने के बाद इसका कार्य करके ग्रामीणों की समस्या का स्थाई समाधान किया जाएगा।
