फरीदाबाद-:हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर दिए बयानों पर पलटवार किया है। फरीदाबाद के गांव बुढैना में संकल्प सेवा अभियान के दौरान पहुंचे विपुल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार जनता के हित में काम कर रहे हैं। उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा को नसीहत देते हुए कहा कि पहले अपने अंदर झांकें, उसके बाद मुख्यमंत्री के बारे में बात करें।विपुल गोयल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 24 घंटे में करीब 18 घंटे जनता के हित से जुड़े कामों में जुटे रहते हैं और प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता मुख्यमंत्री को लेकर अलग-अलग बयान देते हैं, जबकि सैनी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में कांग्रेस के कई दावे और आरोप जनता के सामने उजागर हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो सामने आकर बहस करें,जिससे सच्चाई सामने आ सके।विपुल गोयल ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल मुख्यमंत्री की कुर्सी हासिल करना है और इसी वजह से पार्टी के नेता लगातार जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है।इस दौरान विपुल गोयल ने गांव बुढैना के विकास कार्यों का भी जिक्र किया।उन्होंने बताया कि गांव के विकास के लिए करीब 18 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात दी गई है।उनके मुताबिक गांव की गलियों,नालियों, पार्कों और अन्य विकास कार्यों की शुरुआत जल्द की जाएगी।विपुल गोयल ने यह भी बताया कि फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और अंबाला में कूड़े से बिजली बनाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके लिए ऑयल इंडिया कंपनी के साथ तालमेल किया गया है और जल्द ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने की बात कही गई है।
