पलवल-:फसल खरीद के सीजन के बीच किसानों की समस्याओं को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। पलवल में इनेलो नेताओं ने बैठक कर प्रदेशभर की मंडियों के दौरे को लेकर रणनीति तैयार की। पार्टी शनिवार से मंडियों का दौरा कर किसानों से सीधे उनकी समस्याएं जानेगी और खरीद व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
पलवल में इनेलो की बैठक वरिष्ठ नेता महावीर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई।बैठक में किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जवाहर डागर,महिला जिला अध्यक्ष सुनीता सौरोत समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।इनेलो नेताओं का कहना है कि फसल बिक्री का समय चल रहा है,लेकिन मंडियों में किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी का दावा है कि धान और बाजरे की खरीद को लेकर सरकार के दावे और मंडियों की जमीनी स्थिति में अंतर है।महावीर चौहान ने आरोप लगाया कि किसानों को ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और मंडियों में किसानों के ठहरने जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।उन्होंने कहा कि इनेलो प्रदेशभर की मंडियों में पहुंचकर किसानों की समस्याएं उठाएगी और उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद करेगी।बैठक के दौरान इनेलो नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा,सांसद दीपेंद्र हुड्डा और गोपाल कांडा पर भी राजनीतिक आरोप लगाए।वहीं,किसान सेल के जिला अध्यक्ष जवाहर डागर ने गेहूं के समर्थन मूल्य में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों को लेकर इनेलो आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
