मंडी,धर्मवीर-:केरल के वायनाड जिले में निर्माणाधीन ट्विन-टनल परियोजना में हुए भीषण भूस्खलन में जान गंवाने वाले मंडी जिले के रिवालसर निवासी साइट इंजीनियर राहुल शर्मा का गुरुवार को पोस्टमार्टम कर दिया गया।आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना किया जाएगा। शुक्रवार तक डेड बॉडी पैतृक गांव विकासनगर (ढोह),रिवालसर पहुंचने की संभावना है।राहुल के पिता रूप देव शर्मा के साथ वायनाड पहुंचे मामा रामवीर ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।इनके पूरा होते ही शव को मंडी लाया जाएगा। उधर,राहुल की मौत की खबर के बाद रिवालसर क्षेत्र में मातम पसर गया है।उनके पिता रूप देव शर्मा, भाई रोहित और अन्य परिजन वायनाड में मौजूद हैं,जबकि उनकी पत्नी भी केरल में हैं। रिवालसर स्थित घर पर बीमार मां मंजू देवी बेटे के निधन से गहरे सदमे में हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भारी बारिश के बीच हुआ था हादसा
बता दें कि मंगलवार को मेप्पाडी के कक्कडी क्षेत्र में मीनाक्षी ब्रिज के पास निर्माणाधीन ट्विन-टनल परियोजना में कार्य चल रहा था। इसी दौरान लगातार बारिश के बीच पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर कार्यस्थल पर गिर गया।मलबे में कई कर्मचारी दब गए। प्रतिकूल मौसम और लगातार धंसती मिट्टी के बावजूद राहत एवं बचाव दल ने दो दिनों तक अभियान चलाया। बाद में मलबे से राहुल शर्मा का शव बरामद किया गया।
मंडी प्रशासन ने बनाए रखा समन्वय
हादसे के बाद से मंडी जिला प्रशासन लगातार वायनाड प्रशासन के संपर्क में रहा।उपायुक्त अपूर्व देवगन और एडीएम मदन कुमार ने परिजनों से नियमित संपर्क बनाए रखा और पार्थिव शरीर को मंडी लाने की प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय किया।
चार महीने पहले रची थी नई जिंदगी
राहुल शर्मा का विवाह इसी वर्ष मार्च में हुआ था।शादी के बाद वह दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे।किसी ने नहीं सोचा था कि परिवार का यह युवा इंजीनियर इस तरह हमेशा के लिए अपनों से बिछड़ जाएगा।अब उनका पार्थिव शरीर अंतिम विदाई के लिए रिवालसर पहुंचेगा,जहां पूरे क्षेत्र की आंखें नम हैं और लोग परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
