नाहन, सतीश शर्मा ( TSN)-हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने ऑर्गेनिक राखियों की एक सप्ताह में 1 लाख रुपए की बिक्री की है।
आम वाला सैन वाला पंचायत से संबंधित शगुन स्वयं सहायता समूह की संचालिका अनीता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उनके समूह द्वारा DRDA भवन के समीप पिछले एक सप्ताह से ऑर्गेनिक राखियों का स्टॉल लगाया गया है। उन्होंने बताया लोगों द्वारा ऑर्गेनिक राखियों को काफी पसंद किया गया और यही कारण है कि उन्होंने इस दौरान 1 लाख रुपए की राखियां बेची है। उन्होंने बताया कि इन राखियों में घरेलू चीजों का इस्तेमाल किया गया है और इसमें सजावट के लिए उड़द, राजमा मेथी तिल आदि के बीच लगाए गए हैं। जिसको बाद लोग जहां भी फेंकेंगे इन बीजों के वहां पर पौधे उग जाएंगे।
घरेलू उत्पादों से हाथों से बनाई गई राखियां
वहीं पौंटा ब्लॉक से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला लीला ने बताया कि महिलाओं द्वारा यह राखियां घरेलू उत्पादों से हाथों से बनाई गई । इन राखियों को बनाने के लिए जूट, कई पेड़ों की छाल, बीज व चीड़ के पत्तों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया कि राखी की कीमत बाजार के हिसाब से रखी गई है जिसको देखते हुए लोगों का उन्हें भरपूर सहयोग मिला ।
