Shimla,8 September-भारी वर्षा से उत्पन्न आपदा की स्थिति में हरियाणा सरकार हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ खड़ी हुई है।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में हरियाणा सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 करोड़ रुपये की राशि RTGS के माध्यम से हिमाचल मुख्यमंत्री राहत कोष में भेज दी गई है।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी कहा कि यदि किसी अतिरिक्त राहत सामग्री या अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो हरियाणा सरकार तत्काल मदद उपलब्ध करवाएगी।भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक के अनुसार,पंचकूला,अंबाला और आसपास के क्षेत्रों से जुटाई गई राहत सामग्री को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने कर कमलों से रवाना किया।इस सामग्री में 186 क्विंटल चावल,153 क्विंटल आटा, 20 क्विंटल नमक,65 क्विंटल चीनी,20 क्विंटल दाल, 25 किलो हल्दी,750 किलो मसाले, 2400 लीटर तेल, 50 किलो चाय पत्ती, 1000 तिरपाल, 1021 कंबल, 1500 गद्दे, 2600 साबुन,1200 पैकेट बिस्किट, 650 सैनेटरी पैड, बर्तन, टूथपेस्ट, पानी, मैगी, ओट्स और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।करीब 10 ट्रकों में लदी यह राहत सामग्री पंचकूला भाजपा कार्यालय से चम्बा के लिए रवाना की गई,जिसे प्रभावित परिवारों में उनकी जरूरत के अनुसार वितरित किया जाएगा।
