Delhi,18 September-भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने राहुल गांधी के चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दिए गए बयानों को झूठा और भ्रामक बताया।
हिट एंड रन की राजनीति कर रहे राहुल गांधी:अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी हर बार बिना सबूत के आरोप लगाते हैं और बाद में कोर्ट में फटकार खाने के बाद माफी मांगते हैं।उन्होंने राफेल,‘चौकीदार चोर है’,सावरकर, आरएसएस और पेगासस जैसे मामलों का उदाहरण देते हुए कहा कि यह राहुल गांधी की “हिट एंड रन” राजनीति की पहचान है।भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों और तथाकथित “अर्बन नक्सल्स” को बचाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि कर्नाटक में कांग्रेस ने वोट चोरी करके चुनाव जीते या नहीं, इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए।ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का असली एजेंडा देश के वास्तविक मतदाताओं की ताकत कम करके घुसपैठियों के वोट बचाना है।
अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वोट डिलीट करना किसी आम नागरिक के लिए संभव नहीं है।यदि कांग्रेस के पास सबूत हैं तो उन्हें कोर्ट में पेश करना चाहिए,केवल आरोप लगाकर जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बार-बार सवाल उठाना और भ्रम फैलाना राहुल गांधी और कांग्रेस का बड़ा षड्यंत्र है,लेकिन देश की जनता ऐसे झूठे दावों से प्रभावित नहीं होने वाली।
