Delhi,1 December-:हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को संसद में नियम 377 के तहत हिमाचल प्रदेश में नेशनल हाईवे-3 के हमीरपुर–धर्मपुर–मंडी सेक्शन से जुड़े लंबित निर्माण और सुरक्षा संबंधी मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने मांग की कि इस महत्वपूर्ण मार्ग को स्लोप सेफ्टी, लैंडस्लाइड रोकथाम और मजबूत स्थायी संरचनाओं के साथ जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।
सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद को अवगत कराया कि यह हाईवे हमीरपुर जिले के लोगों,विद्यार्थियों,व्यापारियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनरेखा है। पहाड़ी भूभाग, बदलते मौसम पैटर्न और लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इस मार्ग के कुछ हिस्सों में हाल ही में दरारें, स्लोप मूवमेंट और अस्थायी यातायात अवरोध देखने को मिले हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और NHAI ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए समय पर कई कदम उठाए हैं,जिनमें जियोटेक्निकल रिव्यू, ड्रेनेज सुधार,और टारगेटेड रिपेयर शामिल हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षित और आधुनिक हाईवे निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार का निरंतर प्रयास सराहनीय है,लेकिन बादल फटने और भूस्खलन प्रवण क्षेत्रों को देखते हुए इस मार्ग पर जारी कार्यों की गति बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।
