Kullu,Manminder-:कुल्लू में आयोजित तीन दिवसीय कुल्लू फेस्टिवल ऑफ स्पीड – सेकंड एडिशन रविवार देर रात उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हो गया। हिमालय एक्सट्रीम मोटर स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित इस मोटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में देशभर से आए डेढ़ सौ से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में फोर व्हीलर और टू व्हीलर दोनों श्रेणियों में कुल 32 कैटेगरी शामिल रहीं, जिनके विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
फोर व्हीलर कैटेगरी में चंडीगढ़ के दीपक प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया।दीपक ने बताया कि यह उनका कुल्लू फेस्टिवल ऑफ स्पीड में पहला अनुभव था और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद वे फ्लोरिश RZR 1000xp के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि नॉन-रिस्ट्रिक्टेड C11 कैटेगरी में सभी प्रकार की मॉडिफिकेशन की अनुमति होती है, जिससे प्रतिस्पर्धा और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
टू व्हीलर कैटेगरी में कुल्लू के हैप्पी वर्मा ने ओवरऑल चैंपियनशिप में जीत हासिल की। हैप्पी वर्मा ने कहा कि वह पिछले चार वर्षों से देशभर में आयोजित टू व्हीलर मोटर स्पोर्ट्स इवेंट्स में भाग ले रहे हैं और लगातार अभ्यास का ही परिणाम है कि इस बार वह ओवरऑल विजेता बने। उन्होंने बताया कि वे TR2 रेसिंग टीम की ओर से प्रतियोगिता में शामिल हुए और कई पुरस्कार भी जीते।वूमेन कैटेगरी में सिरमौर की अनुपम शर्मा प्रथम तथा कुल्लू की तनवी गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहीं।इ
वेंट के आयोजक और हिमालय एक्सट्रीम मोटर स्पोर्ट्स के अध्यक्ष सुरेश राणा ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर मोटर स्पोर्ट्स की ओर प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों और दर्शकों ने इवेंट को खूब सराहा और भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि हिमाचल के युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
