मंडी -:जिला के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर में हुए सिया हत्याकांड के बाद जनता एक बार फिर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सुक्खू सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। इस हत्याकांड के बाद पूरे प्रदेशभर में विभिन्न धरना प्रदर्शनों के माध्यम से कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बीती शाम को जहां सरकाघाट की सड़कों पर उतकर लोगों ने प्रदर्शन कर हत्यारे को फांसी की सजा देने की मांग उठाई, वहीं इसी कड़ी में मंगलवार को जिला मुख्यालय मंडी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा भी एक धरना प्रर्दशन किया गया है और प्रदेश में बेकाबू होते हालातों के लिए सुक्खू सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर भाजयुमो ने हाल की प्रदेश में हुए जघन्य अपराधों का जिक्र करते हुए शहर में रैली निकालकर प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की और सीएम से इस्तीफा भी मांगा। इस धरना प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य सहित महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। भाजयुमो जिला महामंत्री विशाल मंडोत्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब से सुक्खू सरकार सत्ता में आयी है, तब से प्रदेश में माफिया, गुंडा राज और नशे का ही बोलबाला देखने को मिल रहा है। आए दिन महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों ने देवभूमि हिमाचल को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने हाल ही में जिला में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मंडी में नशा करने युवक अब मर्डर जैसी घटनाओं में संलिप्त पाए जा रहे हैं। पुलिस छोटे-छोटे सप्लायरों को पकड़ तो रही है, लेकिन नशे के बड़े सौदागरों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में यह सरकार नाकाम साबित हुई है। जिस कारण आज चिट्टे जैसे जानलेवा नशा शहरों से गांव-गांव तक पहुंच गया है। भाजयुमों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यह सरकार जल्द इस अपराधों पर लगाम नहीं लगाती है तो यूवा मोर्चा सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगी।
