करनाल-:दीवाली से पहले करनाल पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद पोल्ट्री फार्म में चल रही पटाखा फैक्टरी का पर्दाफाश किया है।कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव मोहिदीनपुर में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।पुलिस के अनुसार,बंद पड़े पोल्ट्री फार्म में चोरी-छिपे पटाखों का निर्माण किया जा रहा था।छापेमारी के दौरान मौके पर एक दर्जन से अधिक लोग काम करते मिले। पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 90 पेटी तैयार पटाखे बरामद किए गए। इसके साथ ही पटाखों से भरे पांच कट्टे,लगभग 47 किलोग्राम पोटाश और दो क्विंटल से अधिक गंधक भी पुलिस ने कब्जे में लिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पटाखा निर्माण का यह काम कथित तौर पर बिना लाइसेंस और जरूरी अनुमति के किया जा रहा था।पुलिस ने यूपी के कैराना निवासी शाहीर को फैक्टरी संचालन से जोड़ते हुए जांच शुरू कर दी है।यह कार्रवाई करनाल रेंज आईजी टीम और CIA-3 की संयुक्त टीम ने की।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध फैक्टरी कितने समय से संचालित हो रही थी,यहां तैयार किए जा रहे पटाखों की सप्लाई कहां की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
