अम्बाला-:देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए आयोजित CUET परीक्षा के दौरान अंबाला के एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खामी के कारण भारी अव्यवस्था देखने को मिली।अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित डिजिटल जोन सेंटर का सर्वर करीब ढाई घंटे तक बंद रहने से परीक्षा देरी से शुरू हुई।इससे छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई।स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित CUET परीक्षा के दौरान तकनीकी दिक्कत सामने आई। केंद्र का मुख्य सर्वर अचानक बंद हो जाने के कारण सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। करीब ढाई घंटे बाद तकनीकी समस्या दूर होने पर परीक्षा शुरू कराई गई। इस दौरान केंद्र के बाहर मौजूद अभिभावकों ने प्रबंधन की ओर से समय पर जानकारी नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई।दूर-दराज के जिलों से परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के अभिभावकों ने परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि हरियाणा के विभिन्न जिलों से छात्र अंबाला पहुंचते हैं, ऐसे में प्रत्येक जिले में पर्याप्त परीक्षा केंद्र उपलब्ध होने चाहिए ताकि विद्यार्थियों और उनके परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा केंद्र के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सर्वर में आई तकनीकी खामी को दूर कर लिया गया, जिसके बाद परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू कर दी गई।
