शिमला,संजू -:हिमाचल प्रदेश को नया कार्यकारी मुख्य सचिव मिल गया है। 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत ने कार्यकारी मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया है। लंबे प्रशासनिक अनुभव के साथ पंत अब प्रदेश की नौकरशाही का नेतृत्व करेंगे। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
कार्यकारी मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने कहा कि प्रदेश में सुशासन और प्रभावी प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक जवाबदेह तथा परिणामोन्मुख बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाएगी।आपदा प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।पंत ने कहा कि हिमाचल प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है और नुकसान को कम करने के लिए सरकार के पास व्यापक रणनीति मौजूद है।उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग में कार्य करने के दौरान प्राप्त अनुभव का उपयोग करते हुए राहत, बचाव और पुनर्वास व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों से निपटने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। संसाधनों के बेहतर उपयोग, वित्तीय अनुशासन और राजस्व प्रबंधन को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, प्रशासन और विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकेगा।
