शिमला -:अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 का आयोजन 8 से 12 जून तक किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता करेंगे, जबकि समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे।सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि पांच दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों की विविध प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 9 जून को विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा, 10 जून को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा 11 जून को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सांस्कृतिक संध्याओं में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड पार्श्व गायक शबाब साबरी, द्वितीय संध्या में ज्योतिका टांगरी, तृतीय संध्या में नाटी किंग कुलदीप शर्मा, चतुर्थ संध्या में पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर तथा समापन संध्या में जस्सी गिल और बब्बल राय दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।इसके अतिरिक्त तिब्बत प्रदर्शन कला संस्थान और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के कलाकार भी विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के दौरान आर्ट फेस्टिवल, माई चैंपियन डॉग शो, हेल्दी बेबी शो, श्यामला मंथन, श्यामला मुशायरा, श्यामला कवि गोष्ठी, एंटी चिट्टा अंडर-21 जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, लाइव बैंड शो, महा नाटी, छम्म नृत्य, वॉयस ऑफ माउंटेन, फैशन शो, मलखंभ, जुम्बा, शिमला स्वाद महोत्सव, हॉट एयर बैलून शो, हेलीकॉप्टर जॉय राइड, फिल्म फेस्टिवल तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर भी बनेगा।
