यमुनानगर,परवेज खान-:यमुनानगर में भीषण गर्मी के चलते लोग ठंडक पाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा रहे हैं। दादूपुर हेड के पास यमुना नदी में बड़ी संख्या में युवक गहरे पानी में उतरकर नहा रहे हैं और ऊंचाई से छलांग लगाकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। सिंचाई विभाग की लगातार चेतावनी,सुरक्षा कर्मियों की निगरानी और जागरूकता अभियान के बावजूद लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे।विभाग का कहना है कि हर साल इस तरह की लापरवाही कई परिवारों के लिए दुखद हादसों का कारण बनती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी में न उतरने और सुरक्षित विकल्प अपनाने की अपील की है।
भीषण गर्मी से राहत पाने की कोशिश कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।यमुनानगर के दादूपुर हेड क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।यहां कई युवक नदी के गहरे पानी में उतरकर नहाते दिखाई दे रहे हैं,जबकि कुछ ऊंचाई से छलांग लगाकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।नदी का तेज बहाव,अचानक गहराई और पानी के भीतर बने गड्ढे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।इसके बावजूद लोगों की लापरवाही लगातार जारी है।सिंचाई विभाग की ओर से कई स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया है,जो लोगों को नदी में न उतरने की सलाह देते हैं। लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद अधिकांश लोग चेतावनी को गंभीरता से नहीं लेते।सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों के मौसम में इस तरह की घटनाएं हर साल देखने को मिलती हैं। विभाग लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास करता है,लेकिन जब तक लोग स्वयं अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं देंगे,तब तक हादसों को पूरी तरह रोक पाना मुश्किल है।
गौरतलब है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में यमुना नदी में नहाते समय डूबने की कई घटनाएं सामने आती हैं।अधिकतर मामलों में लोगों को नदी की गहराई और तेज बहाव का सही अनुमान नहीं होता,जिसके चलते कुछ ही क्षणों की लापरवाही बड़ा हादसा बन जाती है।प्रशासन और सिंचाई विभाग ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि गर्मी से राहत पाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।नदी में नहाने या गहरे पानी में उतरने से बचें और बच्चों व युवाओं को भी इसके प्रति जागरूक करें।कुछ पल का रोमांच पूरी जिंदगी का दुख बन सकता है। इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।
