चंडीगढ़-:पंजाब राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न जिलों से लगभग 700 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस प्रतियोगिता के उत्कृष्ट खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस अवसर पर पंजाब टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एच. एस. चटवाल, उपाध्यक्ष अश्विनी गोयल सहित अन्य पदाधिकारी, कोच एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंजाब राज्य समाज कल्याण बोर्ड की चेयरपर्सन सिम्मी चोपड़ा पाशान थीं।उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं,बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं।सिम्मी चोपड़ा पाशान ने अश्विनी गोयल की सराहना करते हुए कहा कि वे टेबल टेनिस के प्रति समर्पित व्यक्तित्व हैं।उन्होंने स्वयं भी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियन के रूप में उपलब्धि हासिल की है और वर्षों से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।उनका अनुभव और समर्पण नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के समय में खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उन्हें स्वस्थ,अनुशासित और सफल जीवन की ओर अग्रसर करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे तथा विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे।
