चंबा,मंजुर पठान-:हिमाचल प्रदेश सरकार और भारत सरकार द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं।इन योजनाओं के तहत पहली कक्षा से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों को हर महीने छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।तहसील कल्याण अधिकारी तीसा ने ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी दिव्यांग बच्चे को अब तक इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है,तो वे अपने विद्यालय के माध्यम से आवेदन पत्र भरकर तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कक्षा के अनुसार छात्रवृत्ति की अलग-अलग राशि निर्धारित है। अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक इस योजना का लाभ पहुंचे, इसके लिए अभिभावकों और समाज के लोगों से भी जागरूकता फैलाने का आग्रह किया गया है।
तहसील कल्याण अधिकारी तीसा,सुरजीत मांडला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रदेश सरकार दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए कई कल्याणकारी छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित कर रही है। इनका उद्देश्य आर्थिक रूप से सहयोग देकर दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखना है।उन्होंने बताया कि कक्षा पहली से लेकर स्नातकोत्तर तक अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को मासिक छात्रवृत्ति का प्रावधान है,जिसकी राशि कक्षा के अनुसार निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि जो भी दिव्यांग विद्यार्थी अभी तक इस योजना से नहीं जुड़े हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन पत्र भरकर तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय, तीसा में जमा कर सकते हैं। पात्रता पूरी होने पर विद्यार्थियों को नियमित रूप से छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस योजना से जोड़कर सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ अवश्य उठाएं।
