चंबा,मंजूर पठान -:जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र भरमौर और प्रसिद्ध साच पास में मौसम ने अचानक करवट ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का असर बढ़ गया है।बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों की चोटियां और आसपास के इलाके सफेद चादर से ढक गए हैं, जिससे यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और भी आकर्षक हो गया है।बर्फबारी की सूचना के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है।उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने लोगों और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख करने की अपील की है।उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदलता है और अचानक बर्फबारी या अन्य परिस्थितियां यात्रा को प्रभावित कर सकती हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।संबंधित विभागों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं,ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर हासिल करें।भरमौर और साच पास में हुई बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों को लेकर भी लोगों में उत्साह नजर आ रहा है।बर्फ से ढके पहाड़ और घाटियों का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेते समय सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और बिना पर्याप्त तैयारी के दुर्गम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचा जाए।
