अंबाला-:अंबाला के धूलकोट में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है, जबकि 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में भारी रोष है। एक मृतक की बेटी काजल ने निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए हैं और अंबाला के प्रॉपर्टी डीलर जग्गी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।वहीं अंबाला शहर से कांग्रेस विधायक चौधरी निर्मल सिंह और एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने भी मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने DGP हरियाणा से फोन पर बात कर SIT गठित कर जांच के आदेश दिए हैं।
धूलकोट में निर्माणाधीन इमारत गिरने के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।सिविल अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतकों के परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं। मृतक की बेटी काजल ने आरोप लगाया कि इमारत का निर्माण कार्य अंबाला के प्रॉपर्टी डीलर जग्गी से जुड़ा था। काजल ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लेंटर को 15 दिन बाद खोला जाना था, लेकिन कथित तौर पर 9 दिन में ही उसे खोल दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते हादसा हुआ। काजल ने कहा कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलेगा, वे शव नहीं लेंगी। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।हादसे की जानकारी मिलने के बाद अंबाला शहर से कांग्रेस विधायक चौधरी निर्मल सिंह भी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। विधायक ने मामले में पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
वहीं कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे।परिजनों ने उनके सामने मामले में इंसाफ की मांग रखी। अनिल विज ने उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया और मौके से ही DGP हरियाणा से फोन पर बात कर पूरे मामले की SIT जांच के आदेश दिए।विज ने कहा कि हादसे में अगर कोई भी दोषी पाया जाता है,चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो,उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वहीं एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने भी मामले में प्रॉपर्टी डीलर जग्गी की गिरफ्तारी और अन्य दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
