चिंतपूर्णी,विकास:शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।मेले के सफल और सुरक्षित संचालन को लेकर एसडीएम अंब पारस अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई,जिसमें विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 400 पुलिस व होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। एसडीएम अंब बतौर मेलाधिकारी तथा डीएसपी मेला पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और नाकेबंदी की विशेष व्यवस्था रहेगी।गेट नंबर एक और दो के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ जमा न हो,इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा।दुकानों के भीतर से निकलने वाले सभी रास्तों को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं,ताकि लाइन व्यवस्था प्रभावित न हो।
श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ओल्ड बस स्टैंड और बाबा श्री माईदास सदन में निशुल्क दवा काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य सड़क पर लंगर लगाने पर रोक रहेगी।लंगर लगाने वाली संस्थाओं को 10 हजार रुपये शुल्क तथा इतनी ही राशि बतौर धरोहर जमा करवानी होगी।स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सख्त रहेगा। पॉलीथीन व प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर चालान किए जाएंगे। खुले में सिगरेट व तंबाकू उत्पाद बेचने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना और सामान जब्त किया जा सकता है।दुकानों के लाइसेंस की जांच होगी। एसडीएम ने भरवाईं चौक के शौचालयों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के निर्देश मंदिर अधिकारी को दिए हैं।
