चंडीगढ़। हरियाणा के गुरुग्राम में करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह केंद्र तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग और बेहतर प्रबंधन का संगम होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विदेश दौरे के दौरान कन्वेंशन सेंटर के निर्माण और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर में स्थित सनटेक सिटी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वहां निर्माण की योजना,अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सुविधाओं के एकीकृत विकास और संचालन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेषज्ञों से यह भी समझा कि बड़े स्तर के कन्वेंशन एवं बिजनेस सेंटर को किस प्रकार प्रभावी ढंग से संचालित किया जाता है।सैनी ने गार्डन्स बाय द बे का भी दौरा किया। यहां उन्होंने प्रकृति संरक्षण, हरित विकास और जल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ शहरी विकास को संतुलित करने की व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया।मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भारतीय पर्यटकों में भी उत्साह देखने को मिला। कई भारतीय पर्यटकों ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। सैनी ने भी सहज भाव से उनसे मुलाकात की और बातचीत की। विदेशी पर्यटकों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की और उनके साथ संवाद किया।सरकार का मानना है कि गुरुग्राम में प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, व्यावसायिक कार्यक्रम तथा बड़े आयोजनों को बढ़ावा मिलेगा। इससे गुरुग्राम की वैश्विक पहचान और मजबूत होने के साथ प्रदेश में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
