कैथल,बलिंदर कुमार-:त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए कैथल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।दीपावली,धनतेरस,गोवर्धन पूजा,भैयादूज, छठ पूजा और विश्वकर्मा दिवस के मद्देनजर पुलिस ने जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है।बस अड्डों,रेलवे स्टेशनों और प्रमुख बाजारों में पुलिस टीमें लगातार जांच कर रही हैं।वहीं, संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए स्निफर डॉग की मदद भी ली जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन की एसएचओ इंस्पेक्टर गीता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैथल बस अड्डे और छोटे रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाया।इसके अलावा थाना शहर के एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल सिंह की अगुवाई में रेलवे स्टेशन,प्रमुख बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।जांच के दौरान पुलिस टीमों ने स्निफर डॉग की सहायता से सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध सामान और गतिविधियों की पड़ताल की।भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने के साथ ही आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस ने बढ़ाई पेट्रोलिंग,आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश
थाना सिविल लाइन की एसएचओ इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।इसी को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर जांच के साथ-साथ नियमित गश्त भी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि जिले में तैनात राइडर और ईआरवी वाहन लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर रहे हैं।पुलिसकर्मियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं।बाजारों या सार्वजनिक स्थानों पर कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
