बिलासपुर,सुभाष-:देश को आजाद हुए उनासी वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन जिला बिलासपुर का एक गांव आज भी सड़क सुविधा से महरूम है।उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत धनी के अंतर्गत आने वाले पारली गांव के ग्रामीण आज भी सड़क तक पहुंचने के लिए करीब 3 किलोमीटर का पैदल सफर तय करने को मजबूर हैं।हैरानी की बात यह है कि इस गांव से लगभग दस किलोमीटर की दूरी पर फोरलेन सड़क मौजूद है,लेकिन इसके बावजूद गांव तक सड़क सुविधा नहीं पहुंच पाई है।
सड़क सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।सबसे ज्यादा मुश्किल तब होती है,जब गांव में कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाता है। ऐसे में मरीज को पालकी में उठाकर करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।इसके बाद ही मरीज को वाहन के माध्यम से अस्पताल ले जाना संभव हो पाता है।
बीमार बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने में परिजनों की बढ़ी मुश्किलें
इन दिनों गांव के बुजुर्ग रत्न सिंह के परिजन भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं।रत्न सिंह गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं और उनका इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है।उन्हें हर एक या दो सप्ताह बाद घर से एम्स और फिर एम्स से वापस घर लाना पड़ता है। सड़क सुविधा न होने के कारण परिजनों को पहले कम से कम चार लोगों का इंतजाम करना पड़ता है, ताकि बुजुर्ग मरीज को पालकी में उठाकर सड़क तक पहुंचाया जा सके। इसके बाद ही उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था हो पाती है।
ग्रामीणों ने उठाई सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीण अभिषेक ठाकुर,राजू राम,सोढ़ी राम,दिशु,बग्गू राम और रत्न सिंह के परिजनों ने बताया कि सड़क सुविधा के अभाव में गांव के लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बच्चों, बुजुर्गों,महिलाओं और बीमार लोगों के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।ग्रामीणों का कहना है कि आज के आधुनिक दौर में भी उन्हें सड़क तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि पारली गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए जल्द उचित कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिल सके और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
