दिल्ली (एकता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उमरहा पहुंचकर दुनिया के सबसे अनोखे सात मंजिला स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन किया। इस मंदिर की खास बात यह है कि इसकी संगमरमरी दीवारों पर स्वर्वेद के चार हजार दोहे लिखे हैं। सूत्रों के मुताबिक इस मंदिर को बनाने में 19 साल तक लगातार 600 कारीगर, 200 मजदूर और 15 इंजीनियर की मेहनत लगी है। जो कि आज सबको साफ दिख रही है।

बताया जा रहा है कि मोदी ने मंदिर को आम लोगों को समर्पित कर दिया है। वहीं वह आज काशी दौरे के दूसरे दिन प्रदेश की जनता को 19, 150 करोड़ की 37 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसी के साथ पीएम मिशन-2024 का शंखनाद करते हुए बरकी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह कालभैरव मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ पहुंचे।

इस दौरान मंदिर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पीएम काशी सांसद खेल प्रतियोगिता 2023 के प्रतिभागियों के कुछ लाइव खेल कार्यक्रमों को देखने के बाद कार्यक्रम के विजेताओं के साथ बातचीत भी करेंगे। वहीं दूसरी ओर मोदी वाराणसी को नई दिल्ली से जोड़ने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह भगवा रंग की दूसरी वंदे भारत ट्रेन है जिसे रेल मंत्रालय देश में लॉन्च करने जा रहा है। इससे प्रदेश की आम जनता को काफी फायदा होगा।

