दिल्ली (एकता): दिल्ली के मरीजों को भविष्य में बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब उन्हें अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि उन्हें अब घर बैठे ही यह खास सुविधा मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक अब उनका घर बैठे ही अस्पताल में रजिस्ट्रेशन होगा और ओपीडी की पर्ची भी बनेगी। निगम के सभी 11 अस्पतालों को ई-अस्पताल प्रणाली में तब्दील करने की तैयारी चल रही है। अब वह अस्पताल में ऑनलाइन ई-पंजीकरण कर ई-ओपीडी में डॉक्टर से चिकित्सकीय परामर्श ले पाएंगे। कुछ समय बाद उन्हें दवाई की पर्ची मिल जाएगी। ई-अस्पताल प्रणाली लागू होने के बाद इसमें ई-फार्मेसी को भी शामिल किया जाएगा। इतना ही नहीं मरीज ऑनलाइन दवा भी खरीद पाएंगे। मरीज ऑनलाइन पंजीकरण के बाद तय समय पर आकर जांच करा पाएंगे। निगम आयुक्त ने अस्पताल प्रशासन विभाग को परियोजना पर काम करने का निर्देश दिया है।
अब ई-संजीवनी की तर्ज पर चलेंगे ई-अस्पताल
खास बात यह है कि अब अस्पताल ई-संजीवनी की तर्ज पर चलेंगे। पिछले महीने तक 2123 रोगियों का इलाज किया गया है। अगर यह परियोजना सफल हुई तो अस्पतालों में भीड़ कम हो जाएगी। क्योंकि ओपीडी में हर दिन हजारों मरीज आते हैं, लेकिन अस्पताल के करीब सभी विभागों की इमारतें बेहद पुरानी और कई जर्जर हालत में हैं।
