झज्जर/चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने शुक्रवार को पार्टी के जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अनिल रंगा, यूथ विंग प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन जून, जिला अध्यक्ष हरीश कुमार, अभिता, सोनू वत्स, जोगिंदर तंवर, रणवीर गुलिया, चंदर मोहन, राजे राज्यान और हैप्पी लोहचब मौजूद रहे। वे रेवाड़ी खेड़ा और खरहर में किसानों के धरने को समर्थन देने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों से निकलने वाली हाई टेंशन तार का मुआवजा किसानों को मिलना चाहिए।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों की जायज मांग के साथ खड़े हैं। पूरे देश का किसान एमएसपी के लिए संघर्ष कर रहा है। एमएस स्वामीनाथन को केंद्र सरकार ने भारत रत्न दिया है, लेकिन सरकार स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने से हिचक रही है और पीछे हट रही है। अगर, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू हो जाती है तो किसानों को सी2 + 50% के हिसाब से गेंहू का 3150 रुपए दाम मिलता। जबकि आज के समय पर 2150 के आसपास मिलता है। उन्होंने कहा कि एक हजार रुपए प्रति क्विंटल कम रेट पर गेंहू खरीदा जा रहा है। इसलिए किसानों की एक ही मांग है कि एमएसपी की गारंटी मिलनी चाहिए और सी2 + 50 पर्सेंट के हिसाब से फसल का रेट मिलना चाहिए। जिस प्रकार बीजेपी सरकार संसद में अध्यादेश लाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलट देती है। उसी प्रकार, अध्यादेश से एमएसपी कानून भी लागू किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि लोकसभा चुनावों से पहले के केंद्र सरकार एमएसपी कानून लागू करे।
