शिमला, 5 अप्रैल:-कविन्द्र गुप्ता से आज शिमला स्थित लोक भवन में प्रख्यात शिक्षाविदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थागत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रदीप सिंह वालिया, राजकीय महाविद्यालय गुरदासपुर (पंजाब) के प्राचार्य डॉ. अश्वनी कुमार भल्ला और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डॉ. राज कुमार सिंह शामिल रहे। शिक्षाविदों ने अपने-अपने संस्थानों में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों और पहलों की जानकारी दी तथा शोध को बढ़ावा देने और शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन मांगा।राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों में शोध की प्रवृत्ति विकसित करने और उनके समग्र विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को पारंपरिक शिक्षा से आगे बढ़कर नवाचार, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण के केंद्र के रूप में विकसित होना चाहिए। साथ ही, उद्योग से जुड़े कौशल, इंटर्नशिप, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्यमिता को शिक्षा का हिस्सा बनाने पर बल दिया, ताकि छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाई जा सके।राज्यपाल ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और पारदर्शिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रतिनिधिमंडल को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के संवाद से सहयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत साझा दृष्टिकोण विकसित होगा।
