मंडी, धर्मवीर -: मंडी में भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियां इन दिनों तेज होती नजर आ रही हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह के दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही 6 और 7 अप्रैल को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियों की जानकारी भी साझा की गई।बैठक को लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने, खासकर बूथ स्तर तक पहुंच बढ़ाने और केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। आगामी कार्यसमिति बैठक में संगठन विस्तार, रणनीतिक योजनाओं और भविष्य की गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।अपने संबोधन में सौदान सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए उन्हें अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाली बैठक पार्टी को नई ऊर्जा देगी और प्रदेश में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
