कुरुक्षेत्र ,13 अगस्त -पेरिस ओलंपिक में शूटिंग में ब्रोंज मेडल जीतने वाले सरबजोत सिंह और उनके कोच अभिषेक राणा का गुरुकुल कुरुक्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया गया.इस मौके पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि सरबजोत सिंह ने देश का मान सम्मान बढ़ाया है। सरबजोत सिंह ने भारतीय निशानेबाज 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में मनु भाकर के साथ ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीता है, इससे आने वाली युवा पीढ़ी को बहुत ज्यादा प्रेरणा मिलेगी। गुरुकुल कुरुक्षेत्र में पढ़ने वाले विभिन्न प्रांतो के खिलाड़ियों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि सबसे ज्यादा पेरिस ओलंपिक 2024 में मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों के आए हैं। हरियाणा को गर्व है कि 5 मेडल हरियाणा के आए हैं। जो खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सरबजोत के कोच अभिषेक राणा गुरुकुल कुरुक्षेत्र से पढ़ने के बाद गुरुकुल के विद्यार्थी रहे हैं.
मेरा सपना देश की झोली में गोल्ड मेडल देना
पेरिस ओलंपिक 2024 में शूटिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले सरबजोत सिंह ने कहा कि आगे मेरा सपना देश की झोली में गोल्ड मेडल लाकर देश का नाम रोशन करना है। युवा खिलाड़ियों को अपने दिमाग के संतुलन के साथ खेलना है और अपने खेल पर फोकस रखना है। मैं खुद 2018 से खेलो इंडिया में रहा हूं और प्रदेश और केंद्र की सरकार भी खिलाड़ियों के लिए काफी मदद कर रही है। खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलना होगा।अगले ओलंपिक में ब्राज मेडल का कलर चेंज होगा, इसी के साथ आगे खेल रहा हु। शूटिंग गेम के अंदर कंपटीशन भी बहुत ज्यादा है। विनेश फोगाट के मुद्दे पर कहा कि हम सभी खिलाड़ी विनेश फोगाट के साथ हैं। उनसे उम्मीद है कि आगे और अच्छा खेल में अपना परचम दिखाएंगे। कोच अभिषेक राणा ने कहा कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र में आकर आज एक नई ऊर्जा मिली है। गुरुकुल की ही बदौलत है कि आज मेरे खिलाड़ी ने वर्ल्ड में कोच का नाम भी रोशन किया है।
