शिमला-:पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना के लंबे समय से लंबित शेष कार्य को अब नई गति मिलने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने परियोजना के बैलेंस कार्य के लिए ₹378.48 करोड़ की लागत का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी कर दिया है। यह कार्य पिंजौर बाईपास से बद्दी-नालागढ़ सेक्शन (किमी 4+200 से 34+500) तक राष्ट्रीय राजमार्ग-21ए (वर्तमान एनएच-105) पर ईपीसी मोड के तहत कराया जाएगा। इसकी स्वीकृति 30 जुलाई 2026 को जारी की गई है।
परियोजना के पूरा होने से हिमाचल प्रदेश के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे उद्योगों के लिए माल परिवहन तेज और सुगम होगा, वहीं क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होने के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने परियोजना की स्वीकृति का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क अवसंरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रदेश के आर्थिक विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।महाजन ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और उन्नयन के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस परियोजना से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
