गुरुग्राम-:जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स-2026 में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) की महिला 60 किलोग्राम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली गुरुग्राम खेल विभाग की जूनियर प्रशिक्षक सुचिका तरियाल का नेहरू स्टेडियम में सम्मान किया गया। सुचिका ने एमएमए में भारत को एशियन गेम्स का पहला पदक दिलाकर खेल जगत में नई उपलब्धि दर्ज की है।
सम्मान समारोह में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने सुचिका तरियाल को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि है। सुचिका ने कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के दम पर देश का गौरव बढ़ाया है। एमएमए में भारत के लिए एशियन गेम्स का पहला पदक हासिल करना इस उपलब्धि को और खास बनाता है।
मुकेश शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम,समर्पण और अनुशासन होता है।सुचिका तरियाल ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया है कि हरियाणा की खेल प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने की क्षमता रखती हैं। उनकी यह उपलब्धि गुरुग्राम के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।उन्होंने कहा कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। खिलाड़ियों की मेहनत के साथ अनुकूल खेल माहौल मिलने से प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रही हैं। सुचिका तरियाल की उपलब्धि भी इसी खेल भावना और निरंतर प्रयास का उदाहरण है।
