दिल्ली -:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय अब पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने की तैयारी में जुट गया है।सूत्रों के मुताबिक, राज्य में नई सरकार के गठन के बाद यह पहली बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में शामिल हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में अपने संबोधन में संकेत दिया था कि नई सरकार की शुरुआती कैबिनेट बैठकों में इस योजना को मंजूरी दी जा सकती है।
अब तक पश्चिम बंगाल देश का इकलौता बड़ा राज्य था, जिसने केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं किया था। इसके बजाय राज्य सरकार अपनी ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना चला रही थी।
केंद्र सरकार ने साल 2018 में आयुष्मान भारत योजना शुरू की थी। इसे दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में गिना जाता है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है, जिससे वे सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में इलाज करा सकते हैं।
हाल ही में इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिकों को भी इसमें शामिल किया गया है।वहीं पश्चिम बंगाल की ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना भी प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर देती है। इस योजना की खास बात यह रही है कि कार्ड परिवार की महिला मुखिया के नाम पर जारी किया जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों योजनाओं का उद्देश्य लोगों को इलाज का आर्थिक सुरक्षा कवच देना है, लेकिन दोनों की कार्यप्रणाली अलग है। आयुष्मान भारत केंद्र और राज्य सरकारों के साझा वित्तीय मॉडल पर आधारित है, जबकि स्वास्थ्य साथी योजना पूरी तरह राज्य सरकार द्वारा संचालित और वित्तपोषित की जाती रही है। विशेषज्ञों के अनुसार आयुष्मान भारत की सबसे बड़ी खासियत इसकी देशभर में पोर्टेबिलिटी है। इसके तहत लाभार्थी देश के किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में इलाज करा सकते हैं, जो खासतौर पर प्रवासी श्रमिकों और दूसरे राज्यों में इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए फायदेमंद है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौजूदा भाजपा सरकार पिछली बंगाल सरकार की ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना को बंद करेगी, उसे आयुष्मान भारत में शामिल करेगी या दोनों योजनाओं को समानांतर रूप से चलाएगी। आने वाले दिनों में इस पर तस्वीर साफ हो सकती है।
