हमीरपुर : अरविन्द सिंह ( TSN)-भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश जिला इकाई हमीरपुर ने एक मांग पत्र एडीसी हमीरपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को भेजा है। इस मांगपत्र में मजदूरों से संबंधित विभिन्न तरह की मांगे शामिल हैं। भारतीय मजदूर संघ की तरफ से एक रैली निकाली गई । मजदूर संघ ने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री से कामगार कल्याण बोर्ड को सुचारू रूप से काम करने और मजदूरों के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का लाभ देने की मांग की है. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से मजदूर संघ को वार्ता के लिए बुलाकर उनकी समस्याओं के समाधान करने की भी मांग की।
विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रस्ताव पारित किया
जिला अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश से मजदूरों की मांगों से अवगत करवाने के साथ ही इन्हें पूरा करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में आशा वर्करों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिड डे मिल वर्करों तथा इस क्षेत्र में कार्य कर रहे अन्य सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए नियमितिकरण के लिए नियम न होना, वेतन में उचित वृद्धि न होना, राज्य के कर्मचारियों को सातवें वेतन का वेतनमान तथा महंगाई भत्ते की किस्त समय पर न मिलना, निगम/बोर्डों के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का वेतनमान नहीं मिला/ सरकार द्वारा बोर्डों , निगमों एवं स्थानीय निकायों के कर्मचारियों के लिए जारी की गई पेंशन की अधिसूचना को बहाल करके पेंशन नहीं देना और कम वेतन देना, इन्हें सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन 18000 रुपए नहीं देना , औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों द्वारा ठेकेदारों को बदलना, उससे उद्योग में श्रमिकों को आ रही उक्त समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
