Chandigarh,12 September-पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा सरकार पर बाढ़ और बरसात से हुए नुकसान को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी नुकसान का बड़ा कारण ड्रेनों की सफाई न होना है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार द्वारा तय की गई मुआवजा राशि किसानों के साथ मज़ाक है और मांग की कि किसानों को 70 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। साथ ही उन्होंने क्षतिपूर्ति पोर्टल को किसानों के लिए परेशानी बताया।उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा कंपनियां किसानों की खराब फसलों का हर्जाना देने से इंकार कर रही हैं, जबकि सरकार अवैध खनन रोकने में भी विफल रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात से पहले फ्लड कंट्रोल की बैठक तक नहीं की गई और अब सरकार को 11 साल बाद याद आया है कि हरियाणा को स्वच्छता की ज़रूरत है। उन्होंने HSVP पर प्रॉपर्टी डीलर की तरह काम करने का आरोप लगाया और सेवा पखवाड़े को लेकर भ्रष्टाचार बढ़ने की बात कही।राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए हुड्डा ने दोहराया कि भाजपा सरकार ने चुनावों से पहले लाखों राशन कार्ड बनाए और बाद में काट दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से हरियाणा आकर राज्य को बाढ़ग्रस्त घोषित करने और विशेष पैकेज देने की मांग भी की।
राहुल गांधी के विदेश जाने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री भी रोज विदेश जाते हैं, राहुल गांधी काम से गए होंगे। वहीं नूंह में धर्मांतरण कानून के तहत पहली गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि भारत सभी धर्मों का देश है।
