Kurukshetra,12 September-कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने वीरवार को कैथल जिले के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और किसानों से सीधे संवाद किया।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है।जलभराव से खराब हुई फसलों के लिए ई-क्षति पूर्ति पोर्टल खोला गया है,ताकि जल्द से जल्द मुआवजा दिया जा सके।
सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस विषय को लेकर गंभीर हैं और प्रत्येक नुकसान का मुआवजा सुनिश्चित किया जाएगा।टटियाणा गेज निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली और सरोला साईफन पर किसानों की शिकायतें सुनी।किसानों ने कहा कि घग्गर साईफन की समय पर सफाई न होने से पानी रुक जाता है। सांसद ने अधिकारियों को समस्या का समाधान जल्द करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार करीब 6 हजार एकड़ फसल जलभराव से प्रभावित हुई थी। अब स्थिति नियंत्रण में है और घग्गर का जल स्तर लगातार घट रहा है।
जीएसटी सुधार पर बोले सांसद
नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी दरों में संशोधन कर एक क्रांतिकारी कदम उठाया है।इससे रोजमर्रा की वस्तुओं पर राहत मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ होगा।उन्होंने कहा कि यह सुधार 22 सितंबर से लागू होगा।
कैथल में स्किल सैंटर और खेल महोत्सव
सांसद ने घोषणा की कि जल्द ही कैथल में स्किल सैंटर शुरू किया जाएगा।उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल महोत्सव का आयोजन होगा। जिम का सामान व स्टेडियम सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है.
