पलवल,सुंदर कुंडू -:हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupinder Singh Hooda मंगलवार को पलवल पहुंचे।यहां उन्होंने पृथला से कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया के बड़े भाई रामशरण तेवतिया के निधन पर उनके पैतृक गांव जनौली पहुंचकर शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री करन दलाल,हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। शोक सभा के बाद हुड्डा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, भाजपा सरकार और SIR के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
जनौली गांव में शोक संतप्त परिवार से मुलाकात के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया का परिवार इलाके का सम्मानित और सामाजिक रूप से सक्रिय परिवार है। उनके बड़े भाई रामशरण तेवतिया का उम्रदराज होने के बावजूद निधन पूरे क्षेत्र के लिए दुखद है।उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।इसके बाद मीडिया से बातचीत में हुड्डा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि जब जनता के चुने हुए विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।आपातकाल पर मनोहर लाल खट्टर के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि Indira Gandhi विश्व स्तर की नेता थीं और उनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती। वहीं SIR के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी भी पात्र मतदाता का वोट न कटे और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है।
