हरियाणा में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा, 30 मई को 6 ऐतिहासिक स्थलों पर होगी हैरिटेज एंड सिटी वॉक

चंडीगढ़, 19 मई — हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया बंधुओं को संबोधित करते हुए  बताया कि 30 मई 2026 को प्रदेश में दूसरी हैरिटेज एंड सिटी वॉक 2026 आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा ‘आओ चलें अपनी विरासत के साथ’ मुहिम के तहत 30 मई, शनिवार को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक प्रदेश के छह प्रमुख स्थलों पर दूसरी हैरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने हैरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए विशेष ब्रोशर का भी विमोचन किया।उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं को हरियाणा की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जोड़ना है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझ सके तथा उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सके।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार हरियाणा की विरासत को संरक्षित करने, उसका जीर्णोद्धार करने और उसे पर्यटन के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विरासत स्थलों और पर्यटन स्थलों के विकास, संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। सरकार की सोच केवल ऐतिहासिक भवनों और स्थलों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन, विशेषकर युवाओं को अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
 क्यूआर कोड और वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा, मौके पर भी करवा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि इससे पहले पहली बार 27 सितंबर 2024 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हैरिटेज वॉक का आयोजन किया गया था, जिसे लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिला। इसी सफलता को देखते हुए अब दूसरी हैरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जा रही है और भविष्य में प्रत्येक माह इस प्रकार की वॉक आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रदेश की विरासत से जुड़ सकें और विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि हैरिटेज एंड सिटी वॉक में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसकी पूरी जानकारी और पंजीकरण संबंधी विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा इच्छुक लोग मौके पर पहुंचकर भी अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें पानी, चाय, कॉफी, टोपी तथा अल्पाहार उपलब्ध कराया जाएगा। सभी स्थानों पर हैरिटेज गाइड की व्यवस्था भी की गई है, जो प्रतिभागियों को संबंधित स्थलों के इतिहास और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
पिंजौर, मोरनी, कुरुक्षेत्र, सूरजकुंड, रेवाड़ी और बल्लभगढ़ में होगी हैरिटेज एंड सिटी वॉक
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि इस बार प्रदेश के छह प्रमुख स्थलों को हैरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए चिन्हित किया गया है। पंचकूला जिले के पिंजौर में यादवेंद्र गार्डन, गुरुद्वारा मंजी साहिब, भीमा देवी मंदिर स्थल संग्रहालय, धारामंडल पिंजौर और प्राकृतिक बावड़ी का भ्रमण कराया जाएगा। मोरनी क्षेत्र में ऐतिहासिक मोरनी किले का भ्रमण कराया जाएगा। कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ स्थल, सरोवर, विराट स्वरूप तथा महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा। फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक भ्रमण कराया जाएगा। रेवाड़ी में सैंडपाइपर पर्यटक परिसर से बड़ा तालाब तक तथा बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक भ्रमण कराया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से महाभारत अनुभव केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं को महाभारत काल, भारतीय संस्कृति और इतिहास को आधुनिक माध्यमों से समझने का अवसर प्रदान करता है। यहां आने वाले युवाओं और छात्रों को भारतीय सभ्यता, संस्कृति और ऐतिहासिक घटनाओं को अनुभव के माध्यम से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की हैरिटेज वॉक का उद्देश्य केवल भ्रमण कराना नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और परंपराओं से जोड़ना है, ताकि उन्हें सीखने, समझने और अपनी जड़ों को जानने का अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं में इतिहास और संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें प्रेरित किया जाएगा कि वे अपनी धरोहर को जानें और उसके संरक्षण में भागीदारी निभाएं।उन्होंने कहा कि सरकार पिंजौर, कालका और तीतरताल जैसे क्षेत्रों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर रही है, ताकि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने की घोषणा की गई है, जिसके तहत पिंजौर, मानेसर और खरखौदा को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे हरियाणा को पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इस अवसारः पर हरियाणा पर्यटन निगम की महाप्रबंधक ममता शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Ekta TSN

rahulkash03@gmail.com http://www.thesummernews.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की पहल, एमडब्ल्यूबी ने बांटी 10-10 लाख की बीमा पॉलिसियां

जगाधरी (यमुनानगर)-: पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) की यमुनानगर जिला इकाई ने महत्वपूर्ण पहल की।शुक्रवार को मुख्य पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, जगाधरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों को संगठन की ओर से निशुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां...

वंदे मातरम पर हिमाचल विधानसभा में घमासान, 11 मिनट में स्थगित हुआ मानसून सत्र का पहला दिन

शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। सदन में जमकर हंगामा हुआ और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कार्यवाही शुरू होने के महज 11 मिनट बाद ही विधानसभा अध्यक्ष को सदन स्थगित करना पड़ा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर राष्ट्रीय...

मानसून सत्र के पहले दिन रोजगार पर संग्राम, भाजपा का प्रदर्शन.

शिमला,संजू-:शिमला में 14वीं हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही रोजगार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने...

191 देशों की साइकिल यात्रा पूरी कर हमीरपुर पहुंचे सोमेन देबनाथ, साझा किए संघर्ष और अनुभव

हमीरपुर,अरविंद-:पश्चिम बंगाल के सुंदरबन निवासी और साइकिल यात्री सोमेन देबनाथ 191 देशों की यात्रा पूरी करने के बाद इन दिनों भारत भ्रमण पर हैं।बुधवार को उनका सफर हमीरपुर पहुंचा। यहां उन्होंने एडीसी हमीरपुर अभिषेक गर्ग और एसपी बलबीर सिंह ठाकुर से मुलाकात की और करीब दो दशक लंबी अपनी विश्व साइकिल यात्रा के दौरान सामने...

नौतोड़ के 20 हजार मामले लंबित, जल्द मंजूरी के लिए राज्यपाल से मिलेगी गुहार

शिमला/संजू -:हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में नौतोड़ भूमि के करीब 20 हजार मामले लंबे समय से लंबित हैं।इन मामलों को मंजूरी दिलाने के लिए जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने राज्यपाल से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है।उनका कहना है कि नौतोड़ का लाभ उन लोगों को मिलना है,जिनके पास 20 बीघा से...

NE

News Elementor

We bring you fast, clear, and credible news that cuts through the noise. From breaking headlines to stories that matter, count on us for smart, engaging coverage every day.

Stay informed. Stay curious. Stay with The Summer News.

Popular Categories

Must Read

Copyright © 2025 Summer News Network Pvt. Ltd.