मंडी -: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में मौजूदा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अगले 18 महीनों में कांग्रेस सरकार की विदाई तय है और भाजपा जनसमर्थन के साथ प्रदेश में सत्ता में वापसी करेगी।
तरुण चुग ने कहा कि राहुल का तथाकथित “ठका-ठक मॉडल” हिमाचल में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। चुनावों के दौरान किए गए वादे जमीनी स्तर पर पूरे नहीं हुए और जनता को राहत के बजाय बोझ का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में राज्य विकास की गति से पीछे चला गया है। उनके अनुसार, योजनाएं अधूरी हैं, विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार वित्तीय संकट से जूझ रही है।भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है और सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन के आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों के वेतन और पेंशन को लेकर भी स्थिति चिंताजनक बनती जा रही है।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता आम लोगों की आवाज बनकर सरकार की विफलताओं को उजागर करेगा।
