Shimla,Sanju-विमल नेगी मौत मामले को लेकर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है।सोमवार को भाजपा विधायक दल ने राज्यपाल से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा,जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इस्तीफे की मांग के साथ-साथ CBI और ED जांच की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता और न्याय प्रक्रिया में हस्तक्षेप के गंभीर आरोप लगाए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नेगी परिवार की सीबीआई जांच की मांग को लगातार नकारा,जबकि परिवार शुरू से ही इसकी मांग करता रहा है।ठाकुर ने मुख्यमंत्री की न्यायालय पर टिप्पणी को अदालत की अवमानना बताया।
राज्यपाल को सौंपी गई भाजपा की प्रमुख मांगें:
साक्ष्यों की सुरक्षा: विमल नेगी केस से जुड़े सभी सबूतों को संरक्षित रखा जाए और किसी भी तरह की छेड़छाड़ पर सख्त रोक लगाई जाए।
DGP रिपोर्ट की जांच: न्यायालय में प्रस्तुत रिपोर्ट में संभावित छेड़छाड़ की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
शिमला एसपी के आरोपों की सीबीआई जांच: वरिष्ठ अधिकारियों पर लगे आरोपों की जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाई जाए।
HPPCL में कथित भ्रष्टाचार की ED से जांच: पावर कॉरपोरेशन में वित्तीय गड़बड़ियों की गहराई से जांच की जाए या इसे प्रवर्तन निदेशालय को सौंपा जाए।
शिमला एसपी को हटाया जाए: प्रशासनिक अनुशासन की बहाली के लिए एसपी शिमला को तत्काल हटाया जाए।
भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की कार्यप्रणाली से जनता का भरोसा डगमगा गया है और मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
