Hamirpur,Arvind Singh-प्रदेश सरकार की नीतियों और श्रम कानूनों की अनदेखी के विरोध में 108 और 102 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने मंगलवार को हमीरपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। अस्पताल चौक से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली गई,जिसमें कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सीटू से संबद्ध एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने आरोप लगाया कि न केवल समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा,बल्कि न्यूनतम वेतन,ओवरटाइम का भुगतान और सैलरी स्लिप जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं दी जा रहीं।यूनियन के राज्य इकाई सदस्य जोगिंदर कुमार ने कहा कि हर सरकार परिवर्तन के बाद नई ठेका कंपनी पुराने कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा देती है,जिससे उनके भविष्य पर संकट बना रहता है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार निजी कंपनियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है और तमाशबीन बनी हुई है।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया,तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।मंगलवार से शुरू हुई हड़ताल के कारण बुधवार रात 8 बजे तक आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
